तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, मासूम समेत तीन की दर्दनाक मौत

हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर ट्रक तीनों को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे सड़क खून से लथपथ हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।

तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, मासूम समेत तीन की दर्दनाक मौत
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

मिर्जापुर से आनंद तिवारी की रिपोर्ट —

मिर्जापुर/जनमत न्यूज। जनपद मिर्जापुर में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने पीछे से टक्कर मारते हुए बाइक सवारों को कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर ट्रक तीनों को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे सड़क खून से लथपथ हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए।

यह दुर्घटना अहरौरा थाना क्षेत्र के रोशनहर के पास जमुई-अहरौरा मार्ग पर हुई। जानकारी के अनुसार अहिरूपुर सोनपुर निवासी अनुराग बिंद (19 वर्ष) पुत्र चंद्रबली, उनकी भाभी वेदपती (28 वर्ष) पत्नी अशोक कुमार बिंद और उनका पांच वर्षीय भतीजा अभिषेक बिंद एक ही बाइक पर सवार होकर बच्चे को दवा दिलाने के लिए अहरौरा जा रहे थे।

जैसे ही वे रोशनहर के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों ट्रेलर की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरे शवों को एकत्र कर कब्जे में लिया। हादसे से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क पर पत्थर रखकर जाम लगा दिया, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

मामले की सूचना मिलने पर राजेश कुमार वर्मा, सीओ मड़िहान और सीओ चुनार समेत तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर लगभग चार घंटे बाद जाम समाप्त कराया। इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

उपजिलाधिकारी चुनार राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि ट्रेलर ट्रक की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हुई है, जिसमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है। ट्रेलर चालक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। घटना की जांच की जा रही है।

वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना परमिट और ओवरलोड वाहन तेज रफ्तार से चलने के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं।