गेहूं की फसल काटने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, पुलिस टीम पर भी पथराव
खेत में गेहूं की फसल काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
Auraiya /जनमत न्यूज। औरैया जनपद के कुदरकोट थाना क्षेत्र में गेहूं की फसल काटने को लेकर दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया, जहां दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि खेत में गेहूं की फसल काटने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान कई लोगों के घायल होने की सूचना है, हालांकि घायलों की आधिकारिक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस टीम को भी उपद्रवियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया, जिससे स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। बाद में कुदरकोट थाना पुलिस अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच हो रहे पथराव और हंगामे को देखा जा सकता है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है तथा उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Janmat News 
