रायबरेली के ऊंचाहार में तूफान से भारी तबाही, आर्थिक सहायता की मांग; डीएम को दिया ज्ञापन
उप्र के रायबरेली जनपद के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में आए भीषण तूफान और चक्रवात से हुई जन-धन की हानि को लेकर कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट
रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में आए भीषण तूफान और चक्रवात से हुई जन-धन की हानि को लेकर कांग्रेस प्रदेश सचिव एवं पूर्व प्रत्याशी अतुल सिंह ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित लोगों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि प्राकृतिक आपदा के कारण क्षेत्र में भारी तबाही हुई है। सैकड़ों बिजली के खंभे उखड़ गए, बड़े-बड़े पेड़ गिर गए और कई ग्रामीणों के मकान तथा टीन शेड क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ स्थानीय नागरिकों की असामयिक मृत्यु की भी सूचना है।
तूफान के बाद पूरे क्षेत्र का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुख्य मार्गों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित है और दर्जनों गांवों में विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अतुल सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की कि मृतकों के परिजनों व घायलों को दैवीय आपदा राहत कोष से तत्काल मुआवजा दिया जाए। राजस्व विभाग की टीम भेजकर फसलों व मकानों के नुकसान का शीघ्र सर्वे कराया जाए।
मार्गों को साफ कराकर बिजली आपूर्ति जल्द बहाल कराई जाए। उन्होंने प्रशासन से इस मामले को प्राथमिकता देकर प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की अपील की।

Janmat News 
