प्रतापगढ़ में सपा के प्रदर्शन और पुतला दहन के मामले में मुकदमा दर्ज, पांच नामजद और 150 अज्ञात

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के अंबेडकर चौराहे पर सपा के प्रदर्शन और पुतला दहन के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, धारा 163 BNSS के प्रभावी होने के बावजूद प्रदर्शन किया गया।

प्रतापगढ़ में सपा के प्रदर्शन और पुतला दहन के मामले में मुकदमा दर्ज, पांच नामजद और 150 अज्ञात
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के अंबेडकर चौराहे पर सपा के प्रदर्शन और पुतला दहन के मामले में कोतवाली नगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, धारा 163 BNSS के प्रभावी होने के बावजूद प्रदर्शन किया गया।

मामले में पांच नामजद और करीब 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, धारा 163 BNSS के उल्लंघन समेत अन्य सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया है।

पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य लोगों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, बुधवार 7 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे सपा कार्यालय मीरा भवन में करीब 400 से 500 कार्यकर्ता एकत्र हुए थे।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जिले में लागू धारा 163 BNSS के आदेश की जानकारी दी और प्रदर्शन की अनुमति मांगी, लेकिन अनुमति संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। इसके बाद कार्यकर्ता कार्यालय से मार्च निकालकर सिविल लाइन बस स्टैंड होते हुए अंबेडकर चौराहे पहुंचे। यहां प्रदर्शन के दौरान पुतला दहन किया गया।

पुलिस के मुताबिक, पुतला बुझाने का प्रयास करने पर सपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस से धक्का-मुक्की की। इसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोट लगने और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न होने की बात तहरीर में दर्ज है। प्रदर्शन के कारण चौराहे पर यातायात भी बाधित हुआ।

इन पांच लोगों को किया गया नामजद

राम खेलावन यादव निवासी सुखपाल नगर, चंद्रशेखर पाल निवासी राजगढ़, जावेद अख्तर निवासी तेलिया चौराहा, चंद्रशेखर पाल निवासी कोतवाली नगर और संदीप यादव निवासी बिझला को नामजद किया गया है। इनके अलावा 150 से 200 लोगों को अज्ञात दर्शाया गया है।

सिटी सीओ आशुतोष मिश्रा ने बताया कि धारा 163 BNSS का उल्लंघन करते हुए प्रदर्शन और आगजनी की घटना के संबंध में पांच नामजद तथा 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज के जरिए प्रदर्शन में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान कर रही है।