मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट परिसर में कश्यप एकता क्रांति मिशन का धरना, कार्रवाई को लेकर उठाई आवाज

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में कश्यप एकता क्रांति मिशन संगठन के पदाधिकारियों एवं कश्यप समाज के लोगों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया।

मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट परिसर में कश्यप एकता क्रांति मिशन का धरना, कार्रवाई को लेकर उठाई आवाज
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट  

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में कश्यप एकता क्रांति मिशन संगठन के पदाधिकारियों एवं कश्यप समाज के लोगों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने कहा कि कश्यप समाज लंबे समय से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी निभाता आया है और विभिन्न राजनीतिक दलों को अपना समर्थन एवं वोट देता है, इसके बावजूद समाज के लोगों के साथ भेदभाव किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

धरने के दौरान हाल ही में हुई एक घटना का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। कश्यप समाज के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनकी मांग आरोपियों के एनकाउंटर की थी, लेकिन उनके अनुसार पुलिस द्वारा वैसी कार्रवाई नहीं की गई, जैसी वे चाहते थे।

वहीं, पुलिस की ओर से संबंधित मामलों में तत्काल संज्ञान लिए जाने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों, साक्ष्यों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर अग्रिम जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

धरना दे रहे समाज के लोगों ने प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखते हुए निष्पक्ष कार्रवाई और समाज के लोगों को न्याय दिलाए जाने की मांग की। अधिकारियों द्वारा मामले को लेकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाई।