पेट्रोल-डीजल और एलपीजी की कमी की अफवाह निराधार, स्थिति पूरी तरह सामान्य: भाजपा जिलाध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने स्पष्ट बयान देते हुए कहा कि जिले में ईंधन और गैस सिलेंडर की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
औरैया से अरूण बाजपेयी की रिपोर्ट —
औरैया/जनमत न्यूज। जनपद औरैया में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने स्पष्ट बयान देते हुए कहा कि जिले में ईंधन और गैस सिलेंडर की किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें।
भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन, पेट्रोल पंप एसोसिएशन के अध्यक्ष तथा गैस एजेंसियों के संचालकों से बातचीत की गई है। सभी से प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है।
उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर अफवाह फैलाकर सरकार की छवि को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों की गतिविधियों पर प्रशासन की नजर है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि जिला प्रशासन भी पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह की भ्रामक सूचना या अफवाह पर विश्वास न करें, क्योंकि जनपद में गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।


