एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फिर मचाया धमाल, देश को मिला पहला गोल्ड मेडल

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 के वुमेंस क्रिकेट कंप्टीशन में गोल्ड मेडल जीत लिया है।

एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फिर मचाया धमाल, देश को मिला पहला गोल्ड मेडल
Published By- Diwaker Mishra

आइची-नागोया/जनमत न्यूज़। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान के आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स 2026 के वुमेंस क्रिकेट कंप्टीशन में गोल्ड मेडल जीत लिया है।

फाइनल मैच में भारत ने श्रीलंका को बुरी तरह हराया और लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीता। इसी के साथ भारत का गोल्ड मेडल का खाता इस बार के एशियाई खेलों में खुल गया। 

श्रीलंका को इस प्रतिस्पर्धा में सिल्वर मेडल मिला है, जबकि पाकिस्तान ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमाया है। 2023 में आयोजित हुए एशियाई खेलों में भी भारत ने फाइनल में श्रीलंका को मात देकर गोल्ड मेडल जीता था, जो इन खेलों में भारत का पहला गोल्ड था।

इस मैच की बात करें तो भारतीय टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी थी। टीम इंडिया ने 216 रन फाइनल मैच में बनाए थे। श्रीलंका के सामने 217 रनों का विशाल लक्ष्य था, जिसके जवाब में श्रीलंका की टीम 69 रन ही बना सकी और मुकाबला 147 रनों से हार गई।

एक भी मौके पर ऐसा नहीं लगा कि भारतीय टीम के खिलाफ श्रीलंका की टीम कभी मैच में वापसी कर पाई। शुरुआत से ही भारतीय टीम का दबदबा इस गोल्ड मेडल मैच में देखने को मिला।

भारत के लिए ओपनर स्मृति मंधाना ने 79 रनों की पारी खेली, जबकि ऋचा घोष ने नाबाद 49 रन बनाए। वहीं, दूसरी ओपनर शेफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ 48 रनों की पारी खेली।

श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा रन चमारी अट्टापट्टू ने बनाए। उन्होंने 29 रनों की पारी खेली। वहीं, भारतीय टीम की ओर से 3 विकेट दीप्ति शर्मा ने निकाले। 2-2 विकेट शेफाली वर्मा, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल को मिले।

श्रीलंका की पूरी टीम 69 रन पर ढेर

श्रीलंका के सामने गोल्ड मेडल जीतने के लिए 217 रनों का लक्ष्य था, लेकिन श्रीलंका की टीम 69 रनों पर ढेर हो गई। भारत के लिए स्पिनरों ने कमाल दिखाया।

शेफाली वर्मा, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल को दो-दो विकेट मिले, जबकि 3 विकेट दीप्ति शर्मा ने अपने नाम किए। बल्लेबाजी में भारत के लिए स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा और ऋचा घोष ने कमाल दिखाया।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने आज फिर से गोल्ड मेडल जीतकर वुमेंस क्रिकेट में पाकिस्तान की बराबरी कर ली है। पाकिस्तान के पास भी दो गोल्ड मेडल इस इवेंट में हैं। पाकिस्तान ने 2010 और 2014 में लगातार दो बार एशियन गेम्स में वुमेंस क्रिकेट कंप्टीशन में गोल्ड मेडल जीता हुआ है।

जबकि भारत ने 2023 में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था और अब फिर से इस मेडल को जीता है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2023 के टूर्नामेंट से पहले कभी एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं लिया था।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्लेइंग इलेवन

स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी और नंदनी शर्मा

श्रीलंका महिला क्रिकेट टीम की प्लेइंग इलेवन

इमेशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना (विकेट कीपर), मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुदी प्रबोदा और सुगंधिका कुमारी