अखिलेश यादव पर सुरेश राणा का तंज- जो सनातन का सम्मान नहीं करते, उन्हें समझनी होगी यूपी की विरासत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सहारनपुर दौरे के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक हुई।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सहारनपुर दौरे के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक हुई। बैठक में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री चंद्र मोहन ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को मिला है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सामने अब एक ही लक्ष्य है—2027। इस लक्ष्य को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का काम किया जाएगा।
चंद्र मोहन ने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। चौपालों के माध्यम से लोगों से संवाद किया जाएगा और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों से जनता को अवगत कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा में ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना है।उन्होंने कहा कि पार्टी में नया हो या पुराना, सभी कार्यकर्ता एक साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन ने कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाया है और यह उनके लिए संजीवनी की तरह हैबुलडोजर कार्रवाई के सवाल पर चंद्र मोहन ने कहा कि जहां भी अवैध निर्माण या अतिक्रमण था, वहीं कार्रवाई की गई है। उनके अनुसार वैध निर्माण को तोड़े जाने की बात सही नहीं है और बुलडोजर केवल अतिक्रमण के खिलाफ चला है।
वहीं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश राणा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश दौरे को लेकर कहा कि उनका दो दिवसीय दौरा चल रहा है। इस दौरान उन्होंने भाजपा के विभिन्न मंचों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों से संपर्क एवं संवाद किया।
सुरेश राणा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचने से संगठन के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवार का भाव है, लेकिन परिवारवाद नहीं है। जब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वयं को एक कार्यकर्ता की तरह कार्यकर्ताओं के बीच रखकर संवाद करता है तो इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब कल्याण और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कामों का भी उल्लेख किया। सुरेश राणा ने कहा कि भाजपा में सरकार बनाना प्राथमिक उद्देश्य नहीं बल्कि संगठन और राष्ट्र निर्माण को प्राथमिकता दी जाती है।
उनके अनुसार जब पार्टी देश के लिए काम करती है तो जनता के आशीर्वाद से सरकार भी बनती है। 2027 की रणनीति को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा में संगठनात्मक बैठकें लगातार होती रहती हैं और वरिष्ठ नेताओं का लगातार दौरा एवं कार्यकर्ताओं के साथ संवाद चलता रहता है।
उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के काम करने की ऊर्जा ही कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का काम करती है। सुरेश राणा ने कहा कि भाजपा का संकल्प पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार के अनुरूप समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाना है।
परिवारवाद के सवाल पर सुरेश राणा ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा की विशेषता यह है कि एक सामान्य कार्यकर्ता भी संगठन में शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
उन्होंने नितिन नवीन के राजनीतिक सफर का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा के संगठन में बूथ स्तर से काम करने वाला कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के पद तक पहुंच सकता है। उत्तर प्रदेश के विकास के लिए 2027 में भाजपा की सरकार को जरूरी बताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच लगातार संवाद बनाए रखने की बात कही।
सुरेश राणा ने समाजवादी पार्टी को लेकर भी राजनीतिक आरोप लगाए और कहा कि पार्टी को किसानों, मजदूरों और नौजवानों के साथ-साथ प्रदेश की विरासत और सनातन परंपराओं का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों का उल्लेख करते हुए समाजवादी पार्टी की तत्कालीन सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
कुल मिलाकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के सहारनपुर दौरे में संगठन को 2027 के लक्ष्य के लिए सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं में ऊर्जा बढ़ाने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।



