अमेठी में चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट का खेल, पुलिस ने तीन को भेजा जेल
उप्र के अमेठी जिले में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत संग्रामपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की छह मोटरसाइकिलों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट
अमेठी/ जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जिले में ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत संग्रामपुर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की छह मोटरसाइकिलों के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए ऑपरेशन चक्रव्यूह चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सोमवार को थाना संग्रामपुर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ओझा का पुरवा बाग में कुछ संदिग्ध लोग मोटरसाइकिलों के साथ मौजूद हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और राहुल यादव, गजाधर वर्मा तथा आदित्य उर्फ करन को छह मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा मोटरसाइकिलों के कागजात मांगे जाने पर आरोपी कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि बरामद मोटरसाइकिलें चोरी की हैं। आरोपियों के अनुसार होंडा एसपी मोटरसाइकिल को 18 सितंबर को संग्रामपुर थाना क्षेत्र के विशेषरगंज पुलिया के पास से चोरी किया गया था।
जबकि एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल को कई महीने पहले गौरीगंज थाना क्षेत्र के पूरे जगन टिकरिया से चोरी किया गया था। अन्य चार मोटरसाइकिलों को भी अलग-अलग स्थानों से चोरी करने की बात आरोपियों ने बताई।
पुलिस के अनुसार आरोपी पकड़े जाने के डर से चोरी की मोटरसाइकिलों की नंबर प्लेट खुरचकर मिटा देते थे अथवा उनकी जगह फर्जी नंबर प्लेट लगा देते थे। पुलिस बरामद अन्य मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर छह मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। मामले में थाना पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



