प्रतापगढ़: पुलिस हिरासत में अर्जुन गौतम की मौत की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, दोषियों पर कार्रवाई के संकेत

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी थाना परिसर के शौचालय में युवक अर्जुन गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में जिला प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है।

प्रतापगढ़: पुलिस हिरासत में अर्जुन गौतम की मौत की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, दोषियों पर कार्रवाई के संकेत
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के पट्टी थाना परिसर के शौचालय में युवक अर्जुन गौतम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में जिला प्रशासन ने गंभीर रुख अपनाया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।

डीएम ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से परिजनों में आक्रोश है। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय के अनुसार, परिजनों की ओर से आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को नौकरी समेत कई मांगें रखी गई हैं। प्रशासन की ओर से इन मांगों पर जल्द आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

वहीं, मामले में पुलिस ने लड़की के पिता, भाई और संबंधित पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस हिरासत के दौरान युवक की मौत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मजिस्ट्रियल जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि जांच के दौरान घटना से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्षता से पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहे हैं।