सहारनपुर: उप्र चुनाव के लिए नितिन नवीन ने तैयार किया रोडमैप, पुरानी और नई टीम के साथ मंथन

उप्र के सहारनपुर जनपद में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पुराने अनुभव और नई टीम के साथ करीब ढाई घंटे तक मंथन किया।

सहारनपुर: उप्र चुनाव के लिए नितिन नवीन ने तैयार किया रोडमैप, पुरानी और नई टीम के साथ मंथन
Published By- Diwaker Mishra

सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट

सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पुराने अनुभव और नई टीम के साथ करीब ढाई घंटे तक मंथन किया। अंबाला रोड स्थित रिसॉर्ट में हुई दो अलग-अलग बैठकों में पश्चिमी यूपी के पूर्व और वर्तमान जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों के साथ 2027 के उप्र के विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा की गई।

इसके बाद नितिन नवीन ओजपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने रविदास मंदिर में पूजन किया और दलित कार्यकर्ता के घर भोजन किया। सहारनपुर के अंबाला रोड स्थित रिसॉर्ट में पहुंचने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सबसे पहले पश्चिमी यूपी के पूर्व जनप्रतिनिधियों और पूर्व पदाधिकारियों के साथ बैठक की।

करीब दो घंटे चली बैठक में उनके राजनीतिक अनुभव और आपसी तालमेल को लेकर मंथन किया गया। इसके साथ ही 2027 के चुनाव को लेकर रोडमैप तैयार करने पर भी चर्चा हुई।

वर्तमान जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के साथ दूसरी बैठक

पहली बैठक के बाद नितिन नवीन ने करीब आधे घंटे तक दूसरी बैठक की। इसमें वर्तमान जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में 2027 के चुनाव को लेकर चर्चा की गई। टिकट के संभावित दावेदारों की स्थिति को भी भांपने की कोशिश की गई। दोनों बैठकों के दौरान मीडिया की एंट्री पर प्रतिबंध रहा।

ओजपुरा में रविदास मंदिर में किया पूजन

दूसरी बैठक समाप्त होने के बाद नितिन नवीन ओजपुरा पहुंचे। यहां उन्होंने रविदास मंदिर में पूजन किया। इसके बाद वह एक अनुसूचित जाति के कार्यकर्ता के घर पहुंचे और वहां भोजन किया। इसके बाद नितिन नवीन अपने काफिले के साथ दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

नितिन नवीन ने कहा कि जिस प्रदेश को पहले माफिया के नाम से जाना जाता था, आज वही प्रदेश युवाओं के लिए सेमीकंडक्टर और एआई के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज का उत्तर प्रदेश अपने विकास, एक्सप्रेसवे और नए आयामों के लिए जाना जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मिसाइल का निर्माण हो रहा है, जो नए उत्तर प्रदेश की पहचान है और प्रदेश की जनता को गौरवान्वित करता है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है।