भदोही के गणेश पंडाल में उतरा करंट, 18 वर्षीय युवक की मौत; दो किशोर घायल

उप्र की भदोही कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा चौकी अंतर्गत नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 10 मर्यादपट्टी स्थित सरोज बस्ती में मंगलवार दोपहर बारिश के दौरान गणेश पूजा पंडाल में करंट उतरने से बड़ा हादसा हो गया।

भदोही के गणेश पंडाल में उतरा करंट, 18 वर्षीय युवक की मौत; दो किशोर घायल
Published By- Diwaker Mishra

भदोही से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट

भदोही/जनमत न्यूज़। उप्र की भदोही कोतवाली क्षेत्र के धौरहरा चौकी अंतर्गत नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर 10 मर्यादपट्टी स्थित सरोज बस्ती में मंगलवार दोपहर बारिश के दौरान गणेश पूजा पंडाल में करंट उतरने से बड़ा हादसा हो गया।

करंट की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो किशोर घायल हो गए। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार सरोज बस्ती में बीते 20 सितंबर को गणेश प्रतिमा स्थापित की गई थी।

मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे बारिश हो रही थी। इसी दौरान पंडाल में बिजली का करंट उतर गया। बताया गया कि गणेश प्रतिमा के पास आदित्य सरोज (18) पुत्र नीरज सरोज, अभिषेक सरोज (17) पुत्र अमरनाथ और शनि सरोज (17) पुत्र संतलाल निवासी मर्यादपट्टी बैठे थे।

इसी दौरान पंडाल में पड़ी लोहे की पाइप में करंट उतर गया। उसकी चपेट में आने से तीनों गंभीर रूप से झुलस गए। आनन-फानन में तीनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद आदित्य सरोज को गंभीर हालत में बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

वहीं अभिषेक सरोज और शनि सरोज का भदोही के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों की स्थिति फिलहाल सामान्य बताई जा रही है, हालांकि डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

बताया गया कि आदित्य दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता नीरज सरोज भदोही की एक कालीन कंपनी में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना पर नायब तहसीलदार भदोही शशांक राय मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। भदोही कोतवाली प्रभारी शैलेष कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद बस्ती में शोक का माहौल है।