सम्राट कैबिनेट में कई चर्चित चेहरों को नहीं मिली जगह, मैथिली ठाकुर का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में

बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट विस्तार में कई चर्चित नेताओं और विधायकों को जगह नहीं मिली। मैथिली ठाकुर, नीरज सिंह बबलू और कोमल सिंह जैसे नाम चर्चा में रहने के बावजूद मंत्री नहीं बन सके।

सम्राट कैबिनेट में कई चर्चित चेहरों को नहीं मिली जगह, मैथिली ठाकुर का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में
Published By- A.K. Mishra

बिहार/जनमत न्यूज़:  बिहार की सम्राट चौधरी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में जहां 32 मंत्रियों ने शपथ ली, वहीं कई ऐसे नाम भी रहे जिनकी मंत्री बनने की चर्चा काफी तेज थी, लेकिन अंतिम सूची में उन्हें जगह नहीं मिल सकी। इनमें सबसे ज्यादा चर्चा लोकप्रिय गायिका और पहली बार विधायक बनीं मैथिली ठाकुर को लेकर रही।

पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान भाजपा और जेडीयू दोनों दलों से कई नए चेहरों को मौका मिला, लेकिन कुछ चर्चित नेता और विधायक मंत्री बनने से चूक गए।

मैथिली ठाकुर को लेकर बनी रही चर्चा

दरभंगा जिले के अलीनगर सीट से पहली बार विधायक बनीं मैथिली ठाकुर का नाम भाजपा कोटे से मंत्री पद के लिए काफी चर्चा में था। माना जा रहा था कि पार्टी उन्हें महिला और युवा चेहरे के तौर पर मंत्रिमंडल में शामिल कर सकती है। हालांकि अंतिम समय में उनका नाम सूची में शामिल नहीं किया गया।

भाजपा के कई चर्चित चेहरे भी बाहर

भाजपा की ओर से नीरज सिंह बबलू, जीवेश मिश्रा, मनोज शर्मा, रजनीश सिंह, कृष्ण कुमार ऋषि और संगीता कुमारी जैसे नेताओं के नाम भी संभावित मंत्रियों की सूची में चल रहे थे। लेकिन इनमें से किसी को भी शपथ नहीं दिलाई गई।

जेडीयू में निशांत कुमार की एंट्री बनी सरप्राइज

जेडीयू की ओर से सबसे बड़ा सरप्राइज पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार रहे। उन्होंने पहले डिप्टी सीएम बनने का प्रस्ताव ठुकरा दिया था, लेकिन अब उन्हें मंत्री बनाया गया है।

इसके साथ ही जेडीयू के युवा विधायकों की टीम से भी एक-दो नेताओं को मंत्री बनाए जाने की चर्चा थी। रुहैल रंजन, अतिरेक कुमार, चेतन आनंद, कोमल सिंह, ऋतुराज कुमार और नचिकेता मंडल जैसे नाम चर्चा में थे, लेकिन किसी को मौका नहीं मिला।

जेडीयू ने सिर्फ तीन नए चेहरों को दिया मौका

जेडीयू ने इस बार अपने कोटे से केवल निशांत कुमार, श्वेता गुप्ता और बुलो मंडल को पहली बार मंत्री बनाया है। बाकी अधिकतर चेहरे पहले भी मंत्री रह चुके हैं।

भाजपा कोटे से इन नेताओं ने ली शपथ

भाजपा की ओर से रामकृपाल यादव, केदार गुप्ता, नीतीश मिश्रा, मिथिलेश तिवारी, रमा निषाद, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप जायसवाल, प्रमोद चंद्रवंशी, लखेंद्र पासवान, संजय टाइगर, इंजीनियर कुमार शैलेन्द्र, नंद किशोर राम, रामचंद्र प्रसाद, अरुण शंकर प्रसाद और श्रेयसी सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली।

जेडीयू और सहयोगी दलों को भी मिला प्रतिनिधित्व

जेडीयू की ओर से निशांत कुमार, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, लेसी सिंह, मदन सहनी, सुनील कुमार, जमा खान, भगवान सिंह कुशवाहा, शीला मंडल, दामोदर राउत, बुलो मंडल, रत्नेश सदा और श्वेता गुप्ता को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया।

वहीं लोजपा (रामविलास) से संजय पासवान और संजय सिंह, हम पार्टी से संतोष मांझी तथा आरएलएम से दीपक प्रकाश को भी मंत्री बनाया गया है।