8 साल की लगातार चमक: सोना बना निवेश का सुपरस्टार

Gold Shines in 2025:इस साल अब तक सोना 24.71% चढ़ चुका है, जबकि चांदी महज 9.28% और शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी केवल 0.5% से 0.8% तक ही ऊपर जा पाए हैं।

8 साल की लगातार चमक: सोना बना निवेश का सुपरस्टार
Published By: Satish Kashyap

Business News:2025 की शुरुआत में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमतों ने जबरदस्त रफ्तार पकड़ी है। इस साल अब तक सोना 24.71% चढ़ चुका है, जबकि चांदी महज 9.28% और शेयर बाजार के प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स-निफ्टी केवल 0.5% से 0.8% तक ही ऊपर जा पाए हैं।

पिछले साल यानी 2024 में भी सोना 21.43% की तेज़ी के साथ आगे रहा, वहीं चांदी 17.20% और सेंसेक्स 8.17% बढ़ा था। गौर करने वाली बात ये है कि बीते चार वर्षों में सोने की कीमतों ने खुद को दोगुना कर लिया है।

अप्रैल 2021 में सोना जहां 47,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास था, वहीं 17 अप्रैल 2025 को यह 95,935 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा — यानी लगभग 104% की छलांग। इस दौरान सेंसेक्स ने भी अच्छा प्रदर्शन किया और 49,000 से बढ़कर 78,500 तक पहुंचते हुए करीब 60% रिटर्न दिया।

लगातार आठवां साल जब सोने ने किया निवेशकों को खुश

2018 से लेकर 2025 तक, हर साल सोना पॉजिटिव रिटर्न दे रहा है। पिछले तीन सालों में तो इसमें दोगुनी रफ्तार से बढ़त देखी गई है:

  • 2022: 14.38%

  • 2023: 14.88%

  • 2024: 21.43%

  • 2025 (अब तक): 24.71%, और साल खत्म होने में अभी 8 महीने बाकी हैं।

तेज़ी के पीछे की वजहें

सोने की बढ़त के पीछे कई कारण हैं:

  • मध्य पूर्व और रूस-यूक्रेन के बीच भू-राजनीतिक तनाव

  • केंद्रीय बैंकों द्वारा सोने की भारी खरीद

  • गोल्ड ईटीएफ में निवेशकों की बढ़ती रुचि

  • आर्थिक अनिश्चितता में गोल्ड को सेफ हेवन मानना

रिकॉर्ड के बाद मुनाफावसूली, कीमतों में गिरावट

गुरुवार को MCX पर सोना रिकॉर्ड स्तर छूने के बाद थोड़ा फिसला। निवेशकों ने मुनाफा बुक किया, जिससे कीमतें नीचे आईं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना महंगा होने के बाद थोड़ा नीचे आया।

  • स्पॉट गोल्ड: 0.8% गिरकर $3,317.63 प्रति औंस

  • यूएस गोल्ड फ्यूचर्स: 0.5% गिरकर $3,330.60

2025 में अब तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में 27% से अधिक की उछाल आ चुकी है।

क्या अब सोना और चढ़ेगा?

विशेषज्ञों की मानें तो फिलहाल सोना ओवरबॉट ज़ोन में है। केडिया एडवाइजरी के अजय केडिया के मुताबिक, सोने का RSI 80 से ऊपर है, जिससे आने वाले महीनों में कीमतों में कुछ गिरावट देखी जा सकती है। उनका कहना है कि 2025 के दूसरे हिस्से में सोना 78,000 से 80,000 रुपये के स्तर तक आ सकता है। हालांकि, इसमें पहले 98,500 से 99,000 रुपये तक की और तेजी देखी जा सकती है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2025 में सोना $2,750 से $3,600 के दायरे में रह सकता है।