औरैया में दर्दनाक हादसा, साड़ी का पल्लू बाइक में फंसने से सड़क पर गिरी महिला की मौत

उप्र के औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र में एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। यहां मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी एक बुजुर्ग महिला की साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पिछले पहिए में फंस गया।

औरैया में दर्दनाक हादसा, साड़ी का पल्लू बाइक में फंसने से सड़क पर गिरी महिला की मौत
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेई की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र में एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। यहां मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी एक बुजुर्ग महिला की साड़ी का पल्लू अचानक बाइक के पिछले पहिए में फंस गया।

झटके से महिला सिर के बल सीधे सड़क पर जा गिरीं और इस दर्दनाक हादसे में उनकी जान चली गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, अछल्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गुनौली गांव की रहने वाली 66 वर्षीय गीता देवी पत्नी सर्वेश कुमार दुबे शादियों और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों में पूड़ी बेलने और खाना बनवाने का काम करती थीं। इसी से उनके परिवार को आर्थिक मदद मिलती थी।

घटना वाले दिन भी वह अपने काम के सिलसिले में ही घर से निकली थीं। ​गीता देवी अपने ही गांव गुनौली के रहने वाले प्रदीप कुमार पुत्र राजकुमार के साथ उसकी मोटरसाइकिल पर बैठकर रजुआमऊ गांव जा रही थीं, जहां एक शादी समारोह में उन्हें पूड़ी बेलने का काम मिला था।

सफर के दौरान जब उनकी मोटरसाइकिल वंशी गांव के पास से गुजर रही थी, तभी अचानक हवा के कारण गीता देवी की साड़ी का पल्लू उड़कर मोटरसाइकिल के पिछले पहिए में चला गया और बुरी तरह उलझ गया।

​पहिए में कपड़ा खिंचते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और गीता देवी तेज झटके के साथ सिर के बल भारी सड़क पर जा गिरीं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह मौके पर ही लहूलुहान होकर अचेत हो गईं।

​हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। आनन-फानन में एक निजी वाहन की मदद से गंभीर रूप से घायल गीता देवी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछल्दा ले जाया गया। वहां इमरजेंसी में तैनात डॉ. अविचल पांडेय ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉ. पांडेय ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

​गीता देवी की मौत की मनहूस खबर जैसे ही गुनौली गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। मृतका का एक बेटा है, जिसका नाम विवेक उर्फ चिंकू है। मां की अचानक हुई इस दर्दनाक मौत से बेटे विवेक और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है।​

अस्पताल प्रशासन से घटना की सूचना मिलते ही अछल्दा थाने से उपनिरीक्षक (एसआई) मुन्नालाल और उपनिरीक्षक मेवालाल तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल और अस्पताल में आवश्यक जांच-पड़ताल की। इसके बाद परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। महिलाओं से दोपहिया वाहनों पर बैठते समय अपने कपड़ों (साड़ी/दुपट्टे) को लेकर विशेष सावधानी बरतने की भी अपील की गई है ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।