मुजफ्फरनगर की नई मंडी पुलिस की मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय शातिर चोर घायल, साथी सहित गिरफ्तार

उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

मुजफ्फरनगर की नई मंडी पुलिस की मुठभेड़ में अंतर्जनपदीय शातिर चोर घायल, साथी सहित गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नई मंडी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से बिजली फिटिंग के तार चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक अंतर्जनपदीय शातिर चोर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है।

जबकि उसके दूसरे साथी को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पांच किलोग्राम बिजली फिटिंग का तार और अवैध हथियार बरामद हुआ है।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर 2026 को वसुंधरा कॉलोनी स्थित ऋषिपाल सिंह के निर्माणाधीन मकान से अज्ञात चोरों ने बिजली फिटिंग का तार चोरी कर लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना नई मंडी में मुकदमा अपराध संख्या 518/2026 धारा 305 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम घटना के खुलासे में जुटी थी।

13 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रॉयल फार्म हाउस के सामने खाली प्लॉट में दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की तो दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गुलाब उर्फ रिजवान पुत्र इलियास उर्फ खलील निवासी अफसराबाद, थाना रमाला, जनपद बागपत घायल हो गया। वहीं दूसरे आरोपी शिवा पुत्र कुलदीप निवासी तखावली, थाना बहसूमा, मेरठ को कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।

21 मुकदमों में नामजद है घायल आरोपी

पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, घायल आरोपी गुलाब उर्फ रिजवान का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके विरुद्ध मुजफ्फरनगर, शामली और बागपत जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में कुल 21 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। दूसरे आरोपी शिवा के आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस जुटा रही है।

एसएसपी के अभियान में नई मंडी पुलिस की कार्रवाई

यह कार्रवाई एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में एसपी सिटी अमृत जैन, सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में की गई।

पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का पांच किलोग्राम बिजली फिटिंग का तार तथा एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद किया।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।