भीषण सड़क हादसा, कंटेनर से टकरा कर निजी बस खाई में गिरी, चालक की मौत, कई यात्री घायल

कटियामऊ गांव के पास हरदोई से लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने आगे चल रहे एक कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में जा गिरी

भीषण सड़क हादसा, कंटेनर से टकरा कर निजी बस खाई में गिरी, चालक की मौत, कई यात्री घायल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जनपद हरदोई के कोतवाली कछौना क्षेत्र अंतर्गत हरदोई–लखनऊ हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कटियामऊ गांव के पास हरदोई से लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने आगे चल रहे एक कंटेनर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बस काफी तेज गति में थी। इसी दौरान मल्हपुर रेलवे क्रॉसिंग की ओर से आ रहा कंटेनर जैसे ही लखनऊ की दिशा में मुड़ा, बस चालक संतुलन खो बैठा और यह दर्दनाक दुर्घटना हो गई। हादसे के वक्त बस में लगभग 30 से 35 यात्री सवार थे।

दुर्घटना में मेंसर बानो, अखनूर, बालकराम, बबलू, पवन कुमार, मालती, मोहित, अवधेश और ममता समेत कई यात्री घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सभी घायलों को बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

हादसे के बाद बस चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बस की बॉडी काटकर चालक को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने बस चालक राजू उर्फ गोपाल (45) पुत्र रामपाल शर्मा, निवासी जूरा सुरसा को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरनाक परिणामों की ओर इशारा करता है।