बलरामपुर से दिल्ली सफर आसान, गोरखपुर-अमृत भारत एक्सप्रेस का मिलेगा ठहराव

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर तथा आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन सुविधा उपलब्ध होने से भीड़भाड़ से भी राहत मिलने की उम्मीद है।

बलरामपुर से दिल्ली सफर आसान, गोरखपुर-अमृत भारत एक्सप्रेस का मिलेगा ठहराव
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

बलरामपुर से गुलाम नबी की रिपोर्ट —

बलरामपुर/जनमत न्यूज। जिले के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे बोर्ड ने गोरखपुर से दिल्ली के बीच नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की मंजूरी दे दी है। यह साप्ताहिक ट्रेन होगी और इसका ठहराव बलरामपुर रेलवे स्टेशन पर भी किया गया है, जिससे जिले के यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए बेहतर और सुविधाजनक रेल सेवा मिलेगी।

जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 14045 और 14046 गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। ट्रेन संख्या 14046 दिल्ली-गोरखपुर अमृत भारत एक्सप्रेस दिल्ली से मंगलवार रात 12:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3:50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

वहीं ट्रेन संख्या 14045 गोरखपुर-दिल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस मंगलवार रात 9:40 बजे गोरखपुर से प्रस्थान करेगी और बुधवार सुबह 5:25 बजे सीतापुर सिटी पहुंचेगी। इसके बाद गाजियाबाद होते हुए दोपहर 12:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, बुढ़वल, गोंडा, बलरामपुर, बढ़नी, सिद्धार्थनगर और आनंदनगर रेलवे स्टेशनों पर होगा।

नई ट्रेन सेवा शुरू होने से बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर तथा आसपास के जिलों के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। साथ ही यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेन सुविधा उपलब्ध होने से भीड़भाड़ से भी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने रेलवे बोर्ड के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया है।