अनियंत्रित डंफर घर में घुसा, चालक की दर्दनाक मौत
हादसे के समय घर के भीतर सात लोग सो रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि सभी बाल-बाल बच गए। वहीं डंफर चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया।
फतेहपुर से भीम शंकर की रिपोर्ट —
फतेहपुर/जनमत न्यूज। जनपद में भोर पहर एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार अनियंत्रित डंफर घर में जा घुसा, जिससे चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग तीन बजे हुआ, जब अधिकांश लोग गहरी नींद में थे।
घटना कल्यानपुर थाना क्षेत्र के गुगौली मोड़ के पास की है। बताया जा रहा है कि डंफर कबरई से गिट्टी लोड कर तकिया उन्नाव की ओर जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने एक मकान में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के समय घर के भीतर सात लोग सो रहे थे, लेकिन गनीमत रही कि सभी बाल-बाल बच गए। वहीं डंफर चालक वाहन में बुरी तरह फंस गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बहेलवा निवासी दुर्गेश कुमार पुत्र भोला के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Janmat News 
