हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोर की दर्दनाक मौत, परिजनों ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप

मृतक के परिजन दुर्योधन सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी, जिसकी शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।

हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोर की दर्दनाक मौत, परिजनों ने विद्युत विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट —

एटा / जनमत न्यूज। जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में भी भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार अकबरपुर कोट निवासी विक्रांत सिंह (16) पुत्र मेवाराम अपने खेत पर मक्का की फसल देखने गया था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही नीचे झूलती हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किशोर की मौत से परिवार में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

मृतक के परिजन दुर्योधन सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन काफी नीचे झूल रही थी, जिसकी शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है।

वहीं कस्बा इंचार्ज मनीष बालियान ने बताया कि किशोर खेत पर पानी लगाने गया था और हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।