एनएच 19 पर तेज रफ्तार ट्रक ने कार को 100 मीटर तक घसीटा, बड़ा हादसा टला
कार में बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. शैलेश समेत अन्य लोग सवार थे। अचानक हुए इस हादसे में सभी सवार बाल-बाल बच गए।
चंदौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट —
चंदौली/जनमत न्यूज। जनपद में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अलीनगर थाना क्षेत्र के पंचफेडवा के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने चार पहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कार को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। हादसे का दृश्य देख मौके पर मौजूद लोगों की रूह कांप गई और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के प्रोफेसर डॉ. शैलेश समेत अन्य लोग सवार थे। अचानक हुए इस हादसे में सभी सवार बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस और राहगीरों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ देर तक मौके पर अफरातफरी का माहौल बना रहा।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही फरार चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच 19 पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्ती बढ़ाने और गति नियंत्रण के प्रभावी उपाय करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Janmat News 
