मुजफ्फरनगर में कथित देह व्यापार को लेकर महिला का बड़ा खुलासा, पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल

महिला का आरोप है कि यह अवैध कारोबार संगठित नेटवर्क के जरिए चलाया जा रहा है, जिसमें होटल संचालक, एजेंट और दलाल शामिल हैं। उसने कहा कि कार्रवाई अक्सर सिर्फ चुनिंदा और कमजोर लोगों पर ही की जाती है, जबकि पूरे नेटवर्क पर कोई ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती।

मुजफ्फरनगर में कथित देह व्यापार को लेकर महिला का बड़ा खुलासा, पुलिस-प्रशासन की भूमिका पर उठे सवाल
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। जनपद मुजफ्फरनगर में वेश्यावृत्ति के कथित अवैध कारोबार को लेकर एक महिला के खुलासे ने पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा दिया है। वेश्यावृत्ति में पहले लिप्त रह चुकी महिला ने दावा किया है कि जिले के कई इलाकों में खुलेआम देह व्यापार का धंधा संचालित हो रहा है, जिसमें कुछ होटल, विशेषकर ओयो श्रेणी के होटल भी शामिल बताए जा रहे हैं।

महिला का आरोप है कि यह अवैध कारोबार संगठित नेटवर्क के जरिए चलाया जा रहा है, जिसमें होटल संचालक, एजेंट और दलाल शामिल हैं। उसने कहा कि कार्रवाई अक्सर सिर्फ चुनिंदा और कमजोर लोगों पर ही की जाती है, जबकि पूरे नेटवर्क पर कोई ठोस और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होती। मजबूरी में इस धंधे में धकेली गई महिलाओं को ही बार-बार निशाना बनाया जाता है, जबकि असली संचालक बेखौफ होकर अपना कारोबार जारी रखते हैं।

महिला के अनुसार ऑनलाइन बुकिंग, फोन कॉल और एजेंटों के माध्यम से ग्राहकों को सीधे होटलों तक पहुंचाया जाता है। इसके बावजूद इन माध्यमों और कथित रूप से शामिल होटल संचालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। उसने प्रशासन से मांग की है कि यदि वास्तव में वेश्यावृत्ति पर रोक लगानी है तो पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच कराई जाए और होटल संचालकों व दलालों के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए जाएं।

इस खुलासे के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले ने सामाजिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि महिला द्वारा लगाए गए आरोपों को प्रशासन कितनी गंभीरता से लेता है और क्या जिले में कथित तौर पर चल रहे देह व्यापार के नेटवर्क पर व्यापक कार्रवाई की जाती है या मामला केवल आरोपों और बयानों तक ही सीमित रह जाता है।