हरदोई में युवक की हत्या का खुलासा, सवाजपुर पुलिस ने शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार

आरोपी को सवायजपुर पुलिस ने स्वाट, सर्विलांस सेल और एसओजी टीम के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।

हरदोई में युवक की हत्या का खुलासा, सवाजपुर पुलिस ने शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज़। जनपद हरदोई में सवायजपुर पुलिस ने युवक की हत्या के मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मृतक का मफलर भी बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल गला दबाकर हत्या में किया गया था। आरोपी के खिलाफ पहले से ही कई जनपदों में गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि 30 दिसंबर को थाना सवायजपुर क्षेत्र के कन्हरी गांव निवासी विपिन कटिहार ने मुकदमा दर्ज कराया था। तहरीर में बताया गया था कि उसके भाई नितिन उर्फ गोविंद की गांव के बाहर खेतों में बने छप्पर में सोते समय अज्ञात व्यक्ति द्वारा गला दबाकर हत्या कर दी गई है। घटना के बाद पुलिस ने गंभीरता से जांच शुरू की और खुलासे के लिए कई टीमों का गठन किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या की वारदात को सवायजपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर निवासी गौरव सिंह उर्फ भोला सिंह ने अंजाम दिया था। आरोपी को सवायजपुर पुलिस ने स्वाट, सर्विलांस सेल और एसओजी टीम के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात कबूल कर ली।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक नितिन उर्फ गोविंद ने उसके पिता के पास ट्रैक्टर गिरवी रखकर कुछ रुपये लिए थे। बाद में मृतक ट्रैक्टर वापस करने की बात कहकर धीरे-धीरे रुपये लौटाने की बात कर रहा था, जिसको लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौटकर उसने सो रहे गोविंद का मफलर से गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार आरोपी गौरव सिंह के खिलाफ सवायजपुर, पाली, शाहजहांपुर और फतेहगढ़ सहित विभिन्न थानों में कुल आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।