सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने अयोध्या पहुंचे एडीजी जोन, आम लोगों को दिलाया सुरक्षा का भरोसा
दुर्गा पूजा, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दीपोत्सव की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार आज उप्र के अयोध्या जनपद पहुंचे।
अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट
अयोध्या/जनमत न्यूज़। दुर्गा पूजा, दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और दीपोत्सव की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार आज उप्र के अयोध्या जनपद पहुंचे। एडीजी ने एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ सड़क पर उतरकर पैदल गश्त की।
इस दौरान संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया। एडीजी ने कहा कि त्योहारों के दौरान पैदल गश्त एक नियमित प्रक्रिया है, जिसे अधिकारी समय-समय पर करते रहते हैं।
दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारियों से संवाद स्थापित करने और लोगों में विश्वास बढ़ाने के उद्देश्य से यह भ्रमण किया गया। एडीजी ने संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा से जुड़ी अन्य व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि जहां भी व्यवस्थाओं में सुधार की जरूरत है, उन्हें दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि पुलिस और प्रशासन बेहतर समन्वय के साथ काम कर सकें। एडीजी ने अयोध्यावासियों से त्योहारों को शांतिपूर्ण और सद्भावपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि हर आयोजन में स्थानीय लोगों का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने विश्वास जताया कि अयोध्यावासी उत्साह और आपसी सौहार्द के साथ पर्व संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करेंगे।
डीजे से जुड़े सवाल पर एडीजी ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का पालन कराया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों का भी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।



