हरदोई में बदला लेने के लिए दोस्त ने की थी दोस्त की हत्या, गिरफ्तार; पुलिस ने किया खुलासा
उप्र के हरदोई जनपद के संडीला में दोस्त की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मारपीट का बदला लेने के लिए मनोज ने अपने ही दोस्त सतीश की बांके से काटकर हत्या कर दी थी।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद के संडीला में दोस्त की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मारपीट का बदला लेने के लिए मनोज ने अपने ही दोस्त सतीश की बांके से काटकर हत्या कर दी थी।
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने दो दिन की जांच और तलाश के बाद गुरुवार को हत्यारोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल बांका भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सतीश पुत्र रामकिशन निवासी ग्राम देवपाई मैहगवां थाना अतरौली और मनोज कुमार पुत्र किशन कुमार निवासी ग्राम अकबरपुर थाना अतरौली संडीला कस्बे में एक ही कार वॉशिंग सेंटर पर काम करते थे।
घटना से एक रात पहले दोनों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान सतीश ने मनोज के साथ मारपीट की थी। इसी बात से मनोज नाराज था और उसने बदला लेने की योजना बना ली।
अगली सुबह 24 नवंबर को सतीश शौच के लिए जा रहा था। तभी नई सब्जी मंडी फ्लाईओवर के पास मनोज ने पीछे से बांके से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में सतीश की मौत हो गई और आरोपी फरार हो गया।
शव मिलने के बाद मृतक के भाई प्रेमशंकर की तहरीर पर संडीला थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस ने आरोपी मनोज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद करते हुए मामले का खुलासा किया है।



