अलविदा की नमाज, चैत्र नवरात्र और ईद को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

अलविदा की नमाज को लेकर शहर में विशेष सतर्कता बरती गई। सीओ सिटी अंकित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल को प्रमुख मस्जिदों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया।

अलविदा की नमाज, चैत्र नवरात्र और ईद को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट —

हरदोई/जनमत न्यूज। जिले में एक साथ पड़ रहे अलविदा की नमाज, चैत्र नवरात्र और ईद-उल-फितर के त्योहारों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने स्वयं जिले की सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालते हुए अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि त्योहारों की मर्यादा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की अफवाह या असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अलविदा की नमाज को लेकर शहर में विशेष सतर्कता बरती गई। सीओ सिटी अंकित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल को प्रमुख मस्जिदों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया। मस्जिदों के आसपास तथा सड़कों और गलियों में पुलिस की कड़ी निगरानी रखी गई, ताकि नमाज शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।

इसके अलावा जिले भर में पुलिस की लगातार निगरानी जारी है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।