संभल से रामब्रेस यादव की रिपोर्ट —
संभल/जनमत न्यूज। जनपद संभल में घने कोहरे के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें महिला समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना आगरा–मुरादाबाद नेशनल हाईवे पर बहजोई कोतवाली क्षेत्र के गांव खजरा खाकम के पास हुई, जिससे इलाके में शोक और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित हो गया और बाइक सवारों को रौंदते हुए आगे जाकर पेड़ से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार एक ही परिवार के पति, पत्नी और उनके बेटे सहित एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए मृतकों के शवों को सड़क से हटवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए नेशनल हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारु कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोहरा इतना घना था कि सड़क पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी वजह से कैंटर चालक नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया। पुलिस ने कैंटर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।