पत्नी और ससुराल पक्ष पर उत्पीड़न व धमकी के आरोप, परिवार ने एसएसपी से मांगी सुरक्षा
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा मामले में निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज। शहर के नवाबगंज सर्राफा बाजार निवासी सुधीर वर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बहू और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता के अनुसार उनके पुत्र आयुष वर्मा की शादी करीब डेढ़ वर्ष पूर्व जनकपुरी निवासी रिया वर्मा से हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया और आए दिन कहासुनी एवं झगड़े होने लगे।
प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि बहू रिया वर्मा, उसके पिता एवं भाइयों द्वारा लगातार संपत्ति के बंटवारे का दबाव बनाया जा रहा है। विरोध करने पर कई बार घर पहुंचकर हंगामा करने और धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं।
पीड़ित परिवार का कहना है कि 11 मई की रात कुछ लोग घर पहुंचे और जबरन घुसने का प्रयास करते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पुलिस के सामने भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि पारिवारिक तनाव के चलते उनका पुत्र मानसिक रूप से परेशान है और उसका उपचार जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा मामले में निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Janmat News 
