रायबरेली: राशन कार्ड के मुद्दे पर ग्राम पंचायत अधिकारी को बनाया बंधक, चार आरोपी गिरफ्तार

उप्र के रायबरेली जनपद के डीह विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरुआ में आयोजित खुली बैठक के दौरान राशन कार्ड को लेकर जमकर हंगामा हो गया।

रायबरेली: राशन कार्ड के मुद्दे पर ग्राम पंचायत अधिकारी को बनाया बंधक, चार आरोपी गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र के रायबरेली जनपद के डीह विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बरुआ में आयोजित खुली बैठक के दौरान राशन कार्ड को लेकर जमकर हंगामा हो गया।

आरोप है कि कुछ ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत अधिकारी अजय कुमार के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और उन्हें करीब दो घंटे तक बंधक बनाए रखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्राम पंचायत अधिकारी को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया।

घटना के बाद ग्राम पंचायत अधिकारी अजय कुमार ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर चार लोगों को नामजद करते हुए 20 अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी रिषू यादव, अमित यादव, वीरेंद्र यादव और पवन कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

थानाध्यक्ष जितेन्द्र मोहन सरोज ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। राशन कार्ड के मुद्दे पर खुली बैठक में ऐसा बवाल मचा कि ग्राम पंचायत अधिकारी को ही बंधक बना लिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अधिकारी को मुक्त कराया और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।