डीएम उमेश मिश्रा ने डीएम कार्यालय परिसर के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयसीमा पर दिया जोर

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डीएम कार्यालय का निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डीएम उमेश मिश्रा ने डीएम कार्यालय परिसर के निर्माण कार्य का किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयसीमा पर दिया जोर
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR

मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —

मुजफ्फरनगर / जनमत न्यूज। जनपद मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ डीएम कार्यालय परिसर में चल रहे निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा की बिंदुवार समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डीएम कार्यालय का निर्माण कार्य तय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण सामग्री की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए और कार्य की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जाए।

अधिकारियों द्वारा जिलाधिकारी को निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया गया। इस पर डीएम उमेश मिश्रा ने कहा कि डीएम कार्यालय का निर्माण पूर्ण होने के बाद प्रशासनिक कार्यों में सुगमता आएगी और आम जनता को बेहतर, पारदर्शी एवं त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।

निरीक्षण के समय लोक निर्माण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे और जिलाधिकारी द्वारा दिए गए निर्देशों का शीघ्र अनुपालन करने का आश्वासन दिया गया।