सहारनपुर में अवैध खनन पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 11 डम्फर और जेसीबी सीज
उप्र के सहारनपुर जनपद में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना मिर्जापुर पुलिस ने बिना रॉयल्टी और वैध प्रपत्रों के खनन सामग्री का परिवहन करते हुए 11 डम्फर और 1 जेसीबी समेत कुल 12 वाहनों को सीज किया है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में जिले में अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी बेहट के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी मिर्जापुर विनोद कुमार के नेतृत्व में 09/10 सितंबर की रात गन्देवड़–हथनीकुण्ड और गन्देवड़–बादशाहीबाग मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने खनन सामग्री से भरे कई वाहनों को रोककर जांच की। प्रारंभिक जांच में वाहनों में बिना रॉयल्टी, अवैध प्रपत्र, ओवरलोडिंग और कुछ वाहनों पर बिना नंबर प्लेट जैसी अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद पुलिस ने सभी 12 वाहनों को सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया।
सीज किए गए वाहनों में UP11CT8186, UP11AT8930, UP11CT8160, UP11CT2330, HR58E3022, HR58E6063, UP11DT1411 समेत कई डम्फर शामिल हैं।
वहीं HR58E9326, HR58E8268, HR58C1032 और HR58E1717 डम्फर बिना नंबर प्लेट के पाए गए। इसके अलावा UP11DT7278 नंबर की एक जेसीबी भी सीज की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को रिपोर्ट भेजी जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार, उपनिरीक्षक मुकेश सोलंकी, उपनिरीक्षक नरेश कुमार समेत थाना मिर्जापुर पुलिस के अन्य कर्मचारी शामिल रहे।




