अमेठी में शिकायतों पर डीएम का सख्त रुख, लापरवाही पर अफसरों की तय होगी जवाबदेही

उप्र के अमेठी जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी संजय चौहान ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं।

अमेठी में शिकायतों पर डीएम का सख्त रुख, लापरवाही पर अफसरों की तय होगी जवाबदेही
Published By- Diwaker Mishra

अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट

अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जनपद के कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी संजय चौहान ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, विकास, चिकित्सा सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की गईं।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। ऐसे में जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र को अधिकारी प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारित करें।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी स्थिति सामने आने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी अवश्य उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे अपनी शिकायत के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सके और प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और मजबूत हो।