अयोध्या में विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन, 1125 लाभार्थियों को मिला प्रमाण पत्र
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का उद्देश्य स्थानीय शिल्पकारों और उद्यमियों को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
अयोध्या से आजम खान की रिपोर्ट —
अयोध्या/जनमत न्यूज। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद अयोध्या में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र द्वारा प्रायोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 17 दिसंबर 2025 को किया गया था। योजना के अंतर्गत विभिन्न ट्रेड से जुड़े कुल 1125 लाभार्थियों को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन यू.पी. इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान यूपीकॉन के जनपद संयोजक आशुतोष सिंह ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए मुख्य अतिथि उद्योग उपायुक्त अमरेश कुमार पाण्डेय का बुके भेंट कर भव्य स्वागत किया।
समापन समारोह में उद्योग उपायुक्त अमरेश कुमार पाण्डेय ने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना का उद्देश्य स्थानीय शिल्पकारों और उद्यमियों को आधुनिक कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि “लोकल फॉर वोकल” अभियान को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी, यूपीकॉन के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए शासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।

Janmat News 
