प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, CEIR से 183 गुम मोबाइल बरामद; वास्तविक स्वामी हुए खुश

उप्र के प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से अगस्त माह में 183 गुम मोबाइल फोन बरामद किए।

प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, CEIR से 183 गुम मोबाइल बरामद; वास्तविक स्वामी हुए खुश
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से अगस्त माह में 183 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 29 लाख 28 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ दीपक भूकर एवं अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार भाटी के निर्देशन में सर्विलांस टीम, साइबर टीमों और जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस द्वारा तकनीकी संसाधनों की मदद से मोबाइल रिकवरी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार अप्रैल माह में CEIR मोबाइल रिकवरी रैंकिंग में प्रतापगढ़ की रैंक 40वीं थी, जबकि प्रभावी कार्रवाई और अभियान में तेजी के बाद जुलाई माह में जनपद ने 6वीं रैंक हासिल की। अगस्त माह में प्रतापगढ़ पुलिस द्वारा 81 प्रतिशत मोबाइल फोन की रिकवरी की गई।

इस तरह अप्रैल की 40वीं रैंक से जुलाई की 6वीं रैंक तक जनपद ने 34 पायदान की उल्लेखनीय छलांग लगाई। बरामद किए गए मोबाइल फोन 10 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन प्रतापगढ़ स्थित साई कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर और अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार भाटी द्वारा उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए।

लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर लाभार्थियों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने प्रतापगढ़ पुलिस की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं पूरी टीम के प्रति आभार जताया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाने में सूचना देने के साथ CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इससे पुलिस को तकनीकी माध्यम से मोबाइल की तलाश और बरामदगी में मदद मिलती है।