हरदोई पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, सर्राफा लूट कांड में अवैध हथियारों के साथ 5 शातिर बदमाश गिरफ्तार
उप्र के हरदोई जनपद की स्वाट, सर्विलांस एसओजी और थाना कासिमपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए इलाके में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पर्दाफाश किया है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद की स्वाट, सर्विलांस एसओजी और थाना कासिमपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए इलाके में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 5 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के अधगले आभूषण, घटना में इस्तेमाल की गई एक ब्रेज़ा कार, एक मोटरसाइकिल, नकदी और भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए हैं। इन लुटेरों में एक करणी सेना का जिलाध्यक्ष भी शामिल है जिसकी गाड़ी पर जिलाध्यक्ष करणी सेना लिखा है।
घटना का खुलासा करते हुए हुए एएसपी पूर्वी सुबोध गौतम ने बताया कि 17 जून 2026 की शाम करीब 7 बजे, पीड़ित नसीम निवासी हसनपुर घुघैरा चौराहे पर स्थित अपनी सोने-चांदी की दुकान बंद कर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान जमुनिया चौराहा से रसूलपुर जाने वाले रास्ते पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार 4 अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने नसीम से तमंचों के बल पर मारपीट कर आभूषणों और मोबाइल फोन से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए 4 टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय इनपुट्स और सर्विलांस की मदद से पुलिस टीम को जानकारी मिली कि आरोपी संडीला की तरफ से आ रहे हैं। पुलिस टीम ने निगोहिया रोड पर घेराबंदी की।
इस दौरान एक कार और मोटरसाइकिल पर सवार संदिग्धों को जब रोकने का इशारा किया गया, तो उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 5 आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार लोगों में सत्यपाल मौर्या उर्फ मैक निवासी सुन्दरपुर, संडीला,अमित सिंह निवासी खसरौल, अतरौली मुशीर निवासी रानीखेड़ा मजरा मण्डोली, संडीला अभिषेक उर्फ कल्लू निवासी बिजौली, अतरौली,रोहित तिवारी निवासी बिजौली, अतरौली शामिल है।पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया है।
उन्होंने बताया कि वे सभी शातिर किस्म के अपराधी हैं और उन्होंने अपनी दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए इस लूट को अंजाम दिया था। आरोपी लूटे गए सोने-चांदी के आभूषणों को गलाकर बेचने के उद्देश्य से जा रहे थे, लेकिन उससे पहले ही पकड़े गए।
आरोपियों के पास से 848 ग्राम सफेद चांदी के अधगले आभूषण, 23 ग्राम 480 मिलीग्राम सोना के अधगले आभूषण, एक मोबाइल, 2500 नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा अपराध में इस्तेमाल की गई एक ब्रेज़ा कार, एक मोटरसाइकिल सहित 5 अवैध तमंचे और 11 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सत्यपाल पर 7 मुजीब पर 1 अभिषेक पर 4 मुकदमे दर्ज है। अमित सिंह की गाड़ी पर जिला अध्यक्ष करनी सी भी लिखा है।
अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुबोध कुमार गौतम ने बताया की जांच में पाया गया कि यह किसी संगठन से जुड़ा नहीं है लेकिन गाड़ी की जांच ना हो या अन्य प्रकार की जांच ना हो इसके लिए उसने गाड़ी पर फर्जी तरीके से लिख रखा था।सत्यपाल ही इस लूट का मास्टरमाइंड है और मुजीब की रिश्तेदारी इसी क्षेत्र में है उसने क्षेत्र में रहकर रेकी की है।इस घटना में शामिल अन्य लोगों की पड़ताल पुलिस कर रही है।


