हरदोई में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार चाचा भतीजे की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुरसा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। सुरसा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की दर्दनाक मौत हो गई।
ढोलिया तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें अस्पताल लेकर पहुंची,जहां उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के मुताबिक, शहर कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी सत्यपाल खेती-किसानी करते थे।शनिवार को वह अपने भतीजे सूरज के साथ कोडरा गांव निवासी अपनी बहन अमरवती के घर गए थे।
शाम को दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे।इसी दौरान सुरसा थाना क्षेत्र के ढोलिया तिराहे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुरसा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हरदोई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।बताया गया कि मृतक सूरज अविवाहित था और ट्रक चालक के रूप में काम करता था। चाचा-भतीजे की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।थाना प्रभारी विश्वास शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस हादसे की जांच कर रही है।



