संभल में यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, 24 घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू
उप्र के संभल जनपद की यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में पानी की पाइपलाइन में घुसा तेंदुआ आखिरकार रविवार सुबह पिंजरे में कैद हो गया। करीब 24 घंटे की मशक्कत और जोखिम के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद की यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री में पानी की पाइपलाइन में घुसा तेंदुआ आखिरकार रविवार सुबह पिंजरे में कैद हो गया। करीब 24 घंटे की मशक्कत और जोखिम के बाद वन विभाग की टीम ने तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। पाइपलाइन के एक सिरे को बंद कर दूसरे सिरे पर हरा जाल लगाकर पिंजरा रखा गया था। इसी रणनीति के तहत तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया.
मामला संभल की गुन्नौर तहसील के बबराला थाना क्षेत्र स्थित यारा फर्टिलाइजर फैक्ट्री का है,शनिवार सुबह करीब 7 बजे फैक्ट्री में तेंदुआ दिखाई देने के बाद दहशत फैल गई थी। एहतियात के तौर पर स्कूल की छुट्टी कर दी गई थी।
फैक्ट्री के 30 से 35 कर्मचारियों को काम करने से रोक दिया गया और सभी को घरों के अंदर रहने की हिदायत दी गई थी, तेंदुए को पकड़ने के लिए 50 से अधिक लोगों की संयुक्त टीम बनाई गई थी।
मौके पर एसडीएम गुन्नौर अवधेश कुमार, डिप्टी डीएफओ प्रीति यादव, एसडीएम गुन्नौर अंकित मिश्रा, क्षेत्रीय वन अधिकारी बृजमोहन और थाना अध्यक्ष अवनीश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। रविवार दोपहर 12 बजे वन विभाग के क्षेत्रीय वन अधिकारी बृजमोहन ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित पिंजरे में कैद कर लिया गया है और गाड़ी में लोड कर दिया गया है।
तेंदुए की जांच भी कराई गई है। अब लखनऊ से अनुमति मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. बताया जा रहा है कि तेंदुए की मौजूदगी के कारण फैक्ट्री में किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई थी इससे पहले 29 अक्टूबर को भी फैक्ट्री के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में तेंदुआ दिखाई दिया था।
उस समय वन विभाग ने पिंजरा लगाया था, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आया था।संभल में तेंदुए की लगातार बढ़ती दस्तक से दहशत गुन्नौर तहसील क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियां पहले भी सामने आ चुकी हैं.
23 सितंबर 2026 को गुन्नौर क्षेत्र के गांव गंगावास में एक किसान के घर की छत पर तेंदुआ चढ़ गया था। बाइक की रोशनी पड़ते ही तेंदुए के भागने का वीडियो सामने आया था, वहीं, 20 अगस्त 2026 को गांव इसमपुर डांडा स्थित बाबा रघुवर दास आश्रम की दीवार पर तेंदुए की चहलकदमी का 9 सेकंड का वीडियो वायरल हुआ था, लगातार सामने आ रही तेंदुए की गतिविधियों से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है।



