औरैया: मौरंग धुलाई के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबे दो मासूम, मौत; नहाने के दौरान हुआ हादसा

उप्र के औरैया जनपद के गांव देईपुर में मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई।

औरैया: मौरंग धुलाई के लिए खोदे गए गड्ढे में डूबे दो मासूम, मौत; नहाने के दौरान हुआ हादसा
Published By- Diwaker Mishra

औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट

औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया जनपद के गांव देईपुर में मंगलवार दोपहर दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे अपने साथियों के साथ गांव के दक्षिण में छिबरामऊ रोड स्थित एक खेत में मौरंग लदे ट्रकों की धुलाई के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में भरे पानी में नहा रहे थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, गांव देईपुर निवासी अनिल कुमार का आठ वर्षीय पुत्र कृष्णा और राजीव कुमार का नौ वर्षीय पुत्र आर्यन अपने साथियों के साथ मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे छिबरामऊ रोड स्थित राजू यादव पुत्र बालेश्वर दयाल के खेत में पहुंचे थे।

खेत में मौरंग के ट्रकों की धुलाई के लिए करीब पांच फीट गहरा और लगभग एक बीघा क्षेत्रफल में गड्ढा खोदा गया था, जिसमें पानी भरा हुआ था। नहाने के दौरान दोनों बच्चे गहरे पानी में डूब गए।

करीब एक घंटे बाद परिजनों ने बच्चों की तलाश शुरू की। गड्ढे के पास बच्चों के कपड़े मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई। परिजनों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने गड्ढे में उतरकर बच्चों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला गया।

सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

हादसे की सूचना पर क्षेत्राधिकारी बिधूना पुनीत मिश्रा और उपजिलाधिकारी बिधूना कमल कुमार राजस्व टीम तथा कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन शुरुआत में दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी नहीं थे।

अधिकारियों के समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए सहमत हुए। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।