बहराइच: नेपाल में भारतीय पत्रकारों के साथ बदसलूकी, ऑल इंडिया पत्रकार एसोसिएशन ने डीएम को दिया ज्ञापन

उप्र के बहराइच जनपद से सटे नेपाल में कवरेज करने गए भारतीय पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है।

बहराइच: नेपाल में भारतीय पत्रकारों के साथ बदसलूकी, ऑल इंडिया पत्रकार एसोसिएशन ने डीएम को दिया ज्ञापन
Published By- Diwaker Mishra

बहराइच से रिज़वान खान की रिपोर्ट

बहराइच/जनमत न्यूज़। उप्र के बहराइच जनपद से सटे नेपाल में कवरेज करने गए भारतीय पत्रकारों के साथ कथित बदसलूकी का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जनतंत्र TV की टीम के साथ नेपाल पुलिस के अलावा कुछ नेपाली पत्रकारों द्वारा भी अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है।

जानकारी के मुताबिक, कवरेज के दौरान भारतीय पत्रकारों को करीब 2 घंटे तक रोककर बैठाए रखा गया। इस दौरान उनसे लगातार पूछताछ की गई और रिपोर्टिंग करने से भी रोका गया। आरोप है कि मौके पर मौजूद कुछ नेपाली पत्रकारों ने भी भारतीय मीडिया कर्मियों के साथ तीखी बहस और खराब व्यवहार किया।

इस घटनाक्रम में लखनऊ के पत्रकार नंदन श्रीवास्तव, उनके कैमरामैन और बहराइच जनपद के संवाददाता रिजवान खान भी मौजूद थे। टीम का आरोप है कि उनके साथ बेहद अपमानजनक तरीके से व्यवहार किया गया, जिससे मीडिया जगत में नाराजगी बढ़ गई है।

मामले को लेकर बहराइच जिला अधिकारी से भी बातचीत की गई। जिला अधिकारी ने बताया कि नेपाल के जिलाधिकारी और एसएसपी से इस पूरे प्रकरण को लेकर वार्ता की जाएगी।

उन्होंने कहा कि बॉर्डर क्षेत्र में पत्रकारों के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर विषय है और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं, इस मामले को लेकर ऑल इंडिया पत्रकार संगठन की तरफ से बहराइच जिला अधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा गया है। संगठन ने मांग की है कि नेपाल में भारतीय पत्रकारों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी भी पत्रकार के साथ ऐसी घटना दोबारा न हो।

घटना के बाद पत्रकार संगठनों और मीडिया जगत में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। पत्रकारों का कहना है कि प्रेस की आजादी पर इस तरह का दबाव लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।