शाहजहांपुर: निगोही में दो किशोरियों की मौत से सनसनी, एक ही पेड़ पर मिले दोनों के शव
उप्र के शाहजहांपुर जनपद के निगोही थाना क्षेत्र में दो किशोरियों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों किशोरियों के शव एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
शाहजहांपुर से राजीव कुमार शुक्ला की रिपोर्ट
शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद के निगोही थाना क्षेत्र में दो किशोरियों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों किशोरियों के शव एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि दोनों किशोरियां सुबह दौड़ लगाने के लिए घर से निकली थीं। सुबह करीब साढ़े छह बजे ग्रामीणों ने दोनों के शव पेड़ पर लटके देखे और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही निगोही थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आखिर ऐसी क्या वजह रही कि दो किशोरियों की एक साथ संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई? क्या इसके पीछे कोई पारिवारिक, सामाजिक या अन्य कारण है? इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस दर्दनाक घटना के पीछे की सच्चाई क्या सामने आती है।



