कायमगंज नगर पालिका के कूड़ा केंद्र में भीषण आग, लुदइयाँ गांव में मची अफरा-तफरी
घटना ने एक बार फिर कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ा केंद्र पर नियमित निगरानी और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
फर्रुखाबाद से वरूण दूबे की रिपोर्ट —
फर्रुखाबाद/जनमत न्यूज। फर्रुखाबाद जनपद के कायमगंज नगर पालिका क्षेत्र स्थित ग्राम लुदइयाँ के कूड़ा केंद्र में अचानक भीषण आग लगने से आसपास के गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही कूड़े के ढेर धू-धू कर जलने लगे और कुछ ही देर में लपटों ने विकराल रूप धारण कर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कूड़ा केंद्र से उठती तेज लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। हवा तेज होने के कारण आग के फैलने की आशंका और बढ़ गई, जिससे पास स्थित झोपड़ियों और मकानों में रहने वाले ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों को डर था कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया तो यह रिहायशी क्षेत्र तक पहुंच सकती है।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को अवगत कराया गया। आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास तेज कर दिए गए, ताकि आसपास के गांव को किसी बड़े नुकसान से बचाया जा सके। ग्रामीणों ने भी सतर्कता बरतते हुए अपने घरों के आसपास से ज्वलनशील वस्तुओं को हटाना शुरू कर दिया।
घटना ने एक बार फिर कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कूड़ा केंद्र पर नियमित निगरानी और सुरक्षा उपायों की कमी के कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि कूड़ा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

Janmat News 
