सीएम योगी ने जल, दूध एवं ऋतुफल के रस से किया रुद्राभिषेक
चराचर जगत पर कृपा बरसाने वाले देवाधिदेव महादेव को अत्यंत प्रिय पावन सावन माह के पहले दिन मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार प्रातः काल रुद्राभिषेक व हवन किया।

गोरखपुर/जनमत न्यूज। पावन सावन माह के पहले दिन देवाधिदेव महादेव की आराधना में लीन होकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार प्रातःकाल विधि-विधानपूर्वक रुद्राभिषेक एवं हवन किया।
गोरखनाथ मंदिर स्थित अपने आवास के प्रथम तल पर स्थित शक्तिपीठ में मुख्यमंत्री योगी ने भगवान भोलेनाथ को बिल्व पत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प एवं अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। इसके उपरांत जल, दूध एवं ऋतुफल के रस से रुद्राभिषेक कर विशेष अनुष्ठान पूर्ण किया।
रुद्राभिषेक के दौरान मठ के आचार्यगण एवं पुरोहितगण ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों का उच्चारण किया। अनुष्ठान पूर्ण होने के बाद मुख्यमंत्री ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन कर समस्त प्रदेशवासियों के आरोग्य, सुख-समृद्धि व शांति की मंगलकामना की।
मुख्यमंत्री योगी ने भगवान भोले शंकर से प्रार्थना की कि उनकी कृपा से चराचर जगत में कल्याण और संतुलन बना रहे।