कन्नौज में अखिलेश यादव ने भाजपा पर किया तीखा प्रहार

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया।

कन्नौज में अखिलेश यादव ने भाजपा पर किया तीखा प्रहार
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कन्नौज से अश्वनी पाठक की रिपोर्ट —

कन्नौज/जनमत न्यूज। जिले के तिर्वा क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है, ताकि लोगों को यह विश्वास हो सके कि वास्तविक बदलाव समाजवादी सोच से ही संभव है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के साथ लंबे समय से जुड़े कई वरिष्ठ नेता अब हमारे बीच नहीं हैं, जिससे संगठनात्मक अनुभव और वैचारिक मजबूती को क्षति पहुंची है। ऐसे में नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं को आगे आकर जिम्मेदारी निभानी होगी।

अखिलेश यादव ने हालिया न्यायिक फैसले पर न्यायालय का आभार व्यक्त किया और कहा कि शंकराचार्य प्रकरण में जो घटनाक्रम हुआ था, उसमें अब सच्चाई सामने आ रही है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह साजिश की राजनीति करती है और अपने विरोधियों को निशाना बनाने से पीछे नहीं हटती।

सपा सुप्रीमो ने कहा कि यदि संवैधानिक संस्थाएं निष्पक्ष न रहें तो न्याय मिलना कठिन हो जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सच्चाई उजागर करने वालों को जेल भेजा जा रहा है और मीडिया पर भी दबाव बनाया जा रहा है। दिल्ली की राजनीति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि झूठ के सहारे सत्ता हासिल करना लोकतंत्र के लिए घातक है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के जापान दौरे पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यदि औद्योगिक निवेश जमीन पर उतरता तो प्रदेश में मोबाइल और अन्य उत्पादों का निर्माण व्यापक स्तर पर हो रहा होता। उन्होंने प्रधानमंत्री के क्योटो मॉडल और बुलेट ट्रेन जैसे वादों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं की प्रगति जनता के सामने स्पष्ट होनी चाहिए।

भाजपा पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी नीतियां जनहित से दूर हैं। उन्होंने जेपीएनआईसी (JPNIC) परियोजना को लेकर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि इसे व्यवस्थित ढंग से विकसित नहीं किया गया।

साथ ही उन्होंने कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों को भी यह एहसास है कि प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की आहट है।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पहले भाजपा मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति की बात करती थी और अब आम नागरिकों से अधिक दस्तावेज मांगने की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि कागज न होने पर लोगों को डिटेंशन सेंटर भेजने जैसी चर्चाएं चिंता का विषय हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय नेता उपस्थित रहे।