मैनपुरी में गरजे मुख्यमंत्री योगी, 682 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात; सपा पर जमकर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को मैनपुरी शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचे।

मैनपुरी में गरजे मुख्यमंत्री योगी, 682 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात; सपा पर जमकर साधा निशाना
Published By- Diwaker Mishra

मैनपुरी से गौरव पाण्डेय की रिपोर्ट

मैनपुरी/जनमत न्यूज़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को मैनपुरी शहर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचे।

मुख्यमंत्री ने जनसभा से पूर्व मैनपुरी और करहल क्षेत्र के लिए लगभग 682 करोड़ रुपये की लागत वाली 111 महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।

इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम जनता मौजूद रही। मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ प्रदान कर सम्मानित भी किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक समय मैनपुरी के नाम से लोग डरते थे और बड़े शहरों में मैनपुरी के लोगों को होटल में कमरे तक नहीं मिलते थे।

सपा सरकार में आम आदमी और व्यापारी सुरक्षित नहीं था, जबकि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि आज व्यापारी सुरक्षित है और प्रदेश के नौजवानों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने मैनपुरी को विकास की नई पहचान दी है। आज लोग बेखौफ होकर मकान किराए पर देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में सरकारी नौकरी पाने से पहले ही वसूली शुरू हो जाती थी और योग्यता के बजाय चेहरा देखकर नौकरी दी जाती थी। वहीं, भाजपा सरकार में अब तक नौ लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी पारदर्शी तरीके से दी गई है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के दलित, वंचित, कमजोर और सभी वर्गों के लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। किसानों के लिए फसल ऋणमाफी सहित अनेक योजनाएं चलाई गई हैं।

उन्होंने घोषणा की कि अन्नदाता किसानों के नलकूपों की बिजली का भार कम करने के लिए सरकार प्रभावी कदम उठा रही है और किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने मैनपुरी के किसानों को 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की भी घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैनपुरी में स्टेडियम, म्यूजियम, बाईपास और रामलीला मैदान सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए सरकार ने धन उपलब्ध कराया है। उन्होंने बताया कि करीब 295 करोड़ रुपये की लागत से शिकोहाबाद भोगांव नेशनल हाईवे का निर्माण भी कराया जाएगा।

धार्मिक आयोजनों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में कांवड़ यात्रा धूमधाम और सुरक्षित तरीके से निकलती है। जन्माष्टमी के आयोजन को कोई रोक नहीं सकता और मैनपुरी व इटावा समेत पूरे प्रदेश में धार्मिक आयोजन भव्यता के साथ होते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सबका विकास और सबका सम्मान सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन का जिक्र करते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष राजनीतिक लाभ के लिए माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता ने भाजपा सरकार के विकास और सुशासन को स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि परिवारवाद की राजनीति से किसी क्षेत्र या प्रदेश का विकास नहीं हो सकता, जबकि भाजपा सरकार में हर वर्ग के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है।