मुजफ्फरनगर के तितावी क्षेत्र में अवैध पीर पर मेले को लेकर विवाद

मुजफ्फरनगर के  तितावी क्षेत्र में अवैध पीर पर मेले को लेकर  विवाद
Published By - ANKUSH PAL

मुजफ्फरनगर (जनमत) :- यूपी के मुजफ्फरनगर के  थाना तितावी क्षेत्र में एक पीर स्थल पर बिना अनुमति मेला लगाए जाने को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, संबंधित आयोजन के लिए प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई थी, जिस पर स्थानीय लोगों द्वारा आपत्ति जताई गई।

मामले की सूचना मिलते ही थाना तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आयोजकों से अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की बात कही। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

इसी दौरान भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता राजेश गोयल भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और बिना अनुमति मेला लगाए जाने का विरोध किया। उन्होंने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। यदि आयोजन बिना अनुमति पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।