बलिया से गणेश तिवारी की रिपोर्ट —
Ballia /जनमत न्यूज। जिलाधिकारी Mangla Prasad Singh ने सोमवार को पांच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माण एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की निर्माणाधीन एवं पूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की जांच करते हुए डीएम ने कहा कि कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले में संचालित सभी बड़ी परियोजनाओं के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जाएं, ताकि कार्यों की नियमित निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में बच्चों की संख्या के अनुपात में अध्यापक तैनात हैं, उनकी सूची तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि जिले में संचालित 19 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं 36 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के निरीक्षण और जांच के लिए विशेष टीम गठित की जाए। साथ ही निर्माणाधीन एवं पूर्ण हो चुके स्वास्थ्य केंद्र भवनों की सूची भी तैयार करने को कहा गया।
जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्राम पंचायतों में बने सचिवालयों की जांच एडीओ पंचायत के माध्यम से कराने के निर्देश दिए गए। वहीं डीसी मनरेगा को सभी विकास खंडों में मनरेगा के तहत कराए गए कार्यों की टीम बनाकर जांच कराने को कहा गया। जिलाधिकारी ने एक्सईएन को जिले की नौ प्रमुख परियोजनाओं की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जा सके।
ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आवास योजनाओं की भी जांच कराने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए।
यूपीपीसीएल कार्यदायी संस्था द्वारा कृषि विभाग के निर्माण कार्य हेतु भूमि चिन्हित न किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और तत्काल शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। मैरीटार गांव में चल रहे इको पर्यटन विकास कार्य के अधूरा पाए जाने पर भी डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। बैठक में अनुपस्थित रहने पर पर्यटन अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए गए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर का निर्माण कार्य अधूरा मिलने पर उसे शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। नगर क्षेत्र में खाकी बाबा मंदिर निर्माण कार्य जून माह तक पूरा कराने को कहा गया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बेलहरी अकादमी ब्लॉक के छात्रावास भवन का निर्माण अधूरा मिलने पर जिलाधिकारी ने जून तक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा जिले में प्रस्तावित सात नलकूप निर्माण परियोजनाओं में लापरवाही पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नलकूप विभाग के अधिशासी अभियंता को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।