अज्ञात वाहन की टक्कर से पूर्व प्रधान की मौत, हत्या का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
अज्ञात वाहन की टक्कर से पूर्व प्रधान की मौत, हत्या का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
घटना से नाराज़ ग्रामीणों और परिजनों ने अलीगढ़–डिबाई मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई साधारण सड़क हादसा नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हत्या है,
बुलंदशहर/जनमत न्यूज। जनपद बुलंदशहर के छतारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बूढ़ासी गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के पूर्व प्रधान की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना अलीगढ़–डिबाई हाईवे मार्ग पर हुई, जहां पूर्व प्रधान सड़क किनारे मौजूद थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।
घटना से नाराज़ ग्रामीणों और परिजनों ने अलीगढ़–डिबाई मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई साधारण सड़क हादसा नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हत्या है, जिसे एक्सीडेंट का रूप दिया गया है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
सड़क जाम की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी प्रदर्शनकारी उच्चाधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी खुर्जा मौके पर पहुंचे और परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। सीओ ने आश्वासन दिया कि घटना की गहन जांच कराई जाएगी और यदि किसी प्रकार की आपराधिक साजिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम को समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हो सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
This website uses cookies to enhance your browsing experience. By continuing to use this site, you consent to the use of cookies. Please review our Privacy Policy for more information on how we handle your data.