भदोही में बिजली की तार चोरी करने वाले गैंग का भंडाफोड़, 4 अरेस्ट; लाखों का माल बरामद
उप्र के भदोही जनपद में बिजली तार चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना सुरियावां पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है.
भदोही से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट
भदोही/जनमत न्यूज़। उप्र के भदोही जनपद में बिजली तार चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। थाना सुरियावां पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 04 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जो जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई 7 चोरी की घटनाओं में शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से लाखों के तार इत्यादि बरामद किए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने प्रेसवार्ता में पूरे मामले का खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से करीब 3 कुंतल एलटी तार, एबीसी कंडक्टर और केबल के साथ 2 पिकअप वाहन, एक मोटरसाइकिल, 4 मोबाइल और 2500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। यह गिरोह बिजली के खंभों से तार काटकर चोरी करता था और प्लास्टिक जलाकर अंदर का एल्युमिनियम निकालकर कबाड़ी को बेच देता था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में इलियास पुत्र रहमान निवासी सियाडीह थाना हंडिया जनपद प्रयागराज, श्रवण कुमार बिन्द पुत्र गुलाबधर बिन्द निवासी जगुआं शोधा थाना हंडिया प्रयागराज समेत दो अपचारी (नाबालिग) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना पवन कुमार बिन्द है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर वारदातों को अंजाम देता था।
पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह ने सुरियावां, गोपीगंज, ज्ञानपुर, कोईरौना, ऊंज और भदोही थाना क्षेत्रों समेत प्रयागराज में भी कई वारदातों को अंजाम दिया है। इस संबंध में विभिन्न थानों में कुल 7 अभियोग पंजीकृत हैं।
एसपी अभिनव त्यागी के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया है। फिलहाल पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Janmat News 
