जेवर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम व एसएसपी ने रूट डायवर्जन व्यवस्था का किया निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और डायवर्जन मार्गों की स्थिति का भी बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए,
बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —
बुलन्दशहर/जनमत न्यूज। जनपद गौतमबुद्धनगर स्थित जेवर एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में बुलन्दशहर की जिलाधिकारी श्रुति एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने रूट डायवर्जन व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बसों के सुचारू संचालन के लिए निर्धारित किए गए डायवर्जन मार्गों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी बसों को सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों का निरीक्षण करते हुए वहां तैनात पुलिस बल को पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और डायवर्जन मार्गों की स्थिति का भी बारीकी से अवलोकन किया। साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जिससे प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जा सके।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रूट डायवर्जन की व्यवस्था की गई है और इसके लिए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

Janmat News 
