शाहजहांपुर: करवा चौथ के पहले पति ने की पत्नी की हत्या, बच्चों के सामने कुल्हाड़ी से सिर पर वार

उप्र के शाहजहांपुर जनपद में करवाचौथ से एक दिन पहले पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। पति-पत्नी के बीच नौकरी के लिए दिल्ली जाने को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था।

शाहजहांपुर: करवा चौथ के पहले पति ने की पत्नी की हत्या, बच्चों के सामने कुल्हाड़ी से सिर पर वार
Published By- Diwaker Mishra

शाहजहांपुर से राजीव शुक्ला की रिपोर्ट 

शाहजहांपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के शाहजहांपुर जनपद में करवाचौथ से एक दिन पहले पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। पति-पत्नी के बीच नौकरी के लिए दिल्ली जाने को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था।

बुधवार को भी इसी बात पर झगड़ा हुआ। इसके बाद गुस्साए पति ने बच्चों के सामने पत्नी के सिर और गर्दन पर कुल्हाड़ी से कई वार किए। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने 6 साल के बेटे सोहन को लेकर फरार हो गया।

घर में उसकी 3 साल की बेटी मैनका और 2 साल का बेटा रोहन रोते-बिलखते रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना अल्हागंज थाना क्षेत्र के चौरसिया गांव की है।

आपको बता दे जिला मुख्यालय से करीब 65 किलोमीटर चौरसिया गांव के अवनीश के साथ में सुशीला की शादी आठ साल पहले हुई थी। अवनीश सुशीला और 3 बच्चों को साथ गांव में रहता था।

बुधवार दोपहर घर में खाना खाने की तैयारी चल रही थी। एक थाली में रोटी और सब्जी रखी थी। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। वहीं झगड़े के बाद थाली चारपाई के नीचे मिली और सुशीला का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था।

मां की हत्या और पिता के फरार होने के बाद दोनों छोटे बच्चे घर में रोते रहे। बच्चों को चुप कराने के लिए किसी ने दूध की बोतल दी। एक बच्चा रोते-रोते घर के बाहर ही सो गया।

भाभी शालू के बताया, अवनीश आए दिन सुशीला के साथ मारपीट करता था। इसी वजह से सुशीला करीब दो महीने तक मायके में रही थी। अवनीश उसे ससुराल वापस लाने की जिद कर रहा था।

सुशीला अपने मायके वालों से कहती थी कि अगर उसे दोबारा ससुराल भेजा गया, तो पति उसे मार देगा।करीब 15 दिन पहले अवनीश उसे लेने मायके पहुंचा था। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद ससुराल लौट आई थी।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम परिजनों से पूछताछ की

दिल्ली जाने को लेकर विवाद हुआ था परिजनों ने यह भी बताया , अवनीश बुधवार को परिवार के साथ नौकरी के लिए लुधियाना जाना चाहता था, जबकि सुशीला दिल्ली जाने की बात कह रही थी।

उसका कहना था कि दिल्ली में उसके परिवार के लोग रहते हैं, जिससे जरूरत पड़ने पर मदद मिल सकती है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कई दिनों से विवाद चल रहा था।

कभी-कभी विवाद इतना बढ़ जाता था कि मामला ग्रामीणों तक पहुंच जाता था। बुधवार को ही परिवार को नौकरी के लिए निकलना था। बैग तैयार थे और रास्ते के लिए खाना भी बना लिया गया था। इसी दौरान दूसरे राज्य में जाने को लेकर फिर विवाद हुआ और मामला हत्या तक पहुंच गया।

विवाद बढ़ने पर अवनीश ने कुल्हाड़ी से सुशीला के सिर और गर्दन पर कई वार किए बच्चों के सामने ही महिला की मौत हो गई। करवाचौथ से एक दिन पहले पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी पति 6 साल के बेटे सोहन को लेकर फरार हो गया।

वहीं सीओ दीपक सिंह ने बताया पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या की है। विवाद के कारणों की जांच की जा रही है। मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए हैं। तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है।